हैदराबाद। श्री हनुमंत कथा के द्वितीय दिवस के विराम के बाद पूज्य बागेश्वर सरकार तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के सरकारी आवास पहुंचे। यहां उपमुख्यमंत्री और उनके परिवार ने उनका श्रद्धा और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने बागेश्वर सरकार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि उनकी धर्मपत्नी नंदिनी मल्लू और पुत्र सूर्या विक्रमार्क ने आरती उतारकर पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया।इस दौरान पूरा आवास फूलों से सजा हुआ था और जय श्रीराम व जय बागेश्वर धाम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपमुख्यमंत्री ने बागेश्वर सरकार को भगवान तिरुपति बालाजी का पावन चित्र और पारंपरिक बैलगाड़ी भेंट की। वहीं, बागेश्वर सरकार ने भी उन्हें बालाजी भगवान का चित्र और ‘साधु जी सीताराम’ पुस्तक भेंट की।बताया गया कि श्री हनुमंत कथा के प्रथम दिवस नंदिनी मल्लू कथा में शामिल हुई थीं और कथा श्रवण के बाद उन्होंने बागेश्वर सरकार को अपने आवास पर आने का निमंत्रण दिया था। इस आत्मीय मुलाकात को आध्यात्मिक श्रद्धा, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का संदेश बताया जा रहा है। वहीं, हैदराबाद में चल रही श्री हनुमंत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना हुआ है।


