जबलपुर से गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बरगी डैम में एक क्रूज नाव पलट गई। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में करीब 30 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि शाम के समय मौसम अचानक बदल गया और तेज आंधी के साथ ऊंची लहरें उठने लगीं। उसी दौरान क्रूज खमरिया टापू के पास पहुंचा, जहां संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और प्रशासनिक अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। बचाव कार्य तेजी से जारी है और पानी में फंसे लोगों को निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, अब तक 4 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक डैम क्षेत्र में पहुंचे थे। इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


