वॉशिंगटन: अमेरिका के ह्यूस्टन (Houston) में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बीच सड़क पर अचानक एक बाघ आ गया है. बाघ को देखते ही लोग बचने के लिए यहां-वहां भागने लगे. हालांकि, गनीमत रही कि इस बंगाल टाइगर (Bengal Tiger) ने किसी पर हमला नहीं किया. दरअसल, यह बाघ एक अपराधी (Criminal) का था, जो बेल पर बाहर आया हुआ है. इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती अपराधी बाघ सहित वहां से फरार हो गया.
Car में बैठाकर ले गया
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक बाघ (Tiger) सड़क पर घूम रहा है. पुलिस पूरी तैयारी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन तब एक शख्स टाइगर को अपनी कार में बैठाकर वहां से जा चुका था. बाद में पता चला कि वो शख्स कोई और नहीं बल्कि 2017 के एक हत्याकांड का आरोपी विक्टर ह्यूगो क्यूवास (Victor Hugo Cuevas) है.
ये भी पढ़ें -एक कविता शेयर करने पर Chinese अरबपति को हुआ 18,365 करोड़ रुपये का नुकसान
Tiger का नहीं चला पता
पुलिस ने बाद में विक्टर ह्यूगो क्यूवास को हिरासत में ले लिया, लेकिन उसे यह पता नहीं चल पाया है कि आखिरी विक्टर ने बाघ को कहां रखा है. पुलिस ने कहा कि 26 वर्षीय विक्टर के ऊपर गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने पर नया मुकदमा दर्ज किया गया है. सोशल मीडिया पर इस घटना का एक फुटेज शेयर किया गया है, जिसमें बाघ के साथ एक व्यक्ति नजर आ रहा है.
Police ने Public से की अपील
ह्यूस्टन पुलिस ने लोगों से बाघ की जानकारी देने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी चिंता बाघ को लेकर है. पुलिस कमांडर रोन बोरजा ने कहा कि रविवार की यह घटना खतरनाक हो सकती थी यदि बाघ किसी पर हमला बोल देता. उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में ऐसा कुछ न हो इसके लिए यह जरूरी है कि हम जल्द से जल्द टाइगर तक पहुंचें.

