भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सड़क निर्माण का एक नया और अनोखा उदाहरण सामने आया है। रानी कमलापति स्टेशन के सामने होशंगाबाद रोड से जुड़ने वाली लिंक रोड पर सीधी सड़क को टेढ़ा मोड़ देकर तैयार किया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर सिग्नल और ब्लाइंड टर्न की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को आगे का दृश्य स्पष्ट नहीं दिखता। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी इस सड़क की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां लोग इसे भोपाल का नया “सड़क अजूबा” बता रहे हैं।भोपाल पहले से ही 90 डिग्री मोड़ वाले ब्रिज, ब्लाइंड अंडरपास और सर्पाकार फ्लाईओवर जैसी संरचनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। अब इस नई लिंक रोड ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। नागरिकों ने सड़क की डिजाइन और यातायात सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की है।


