Bihar Election 2020: Chirag Paswans LJP called meeting of parliamentary board, may announce candidates for Bihar Polls  – बिहार चुनाव को लेकर चिराग पासवान की पार्टी LJP की अहम बैठक, उम्मीदवारों का हो सकता है ऐलान

नई दिल्ली:

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) की तैयारियों के बीच एनडीए (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर घमासान जारी है. इस बीच, लोजपा संसदीय दल की बैठक रविवार को दोपहर 3 बजे होनी है. बिहार चुनाव को लेकर चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (LJP) अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है. संभावना है चुनाव में लोजपा एनडीए से अलग लड़ने की घोषणा करेगी. लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) जेडीयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी. 

भाषा की एक खबर के मुताबिक, लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने अपनी पार्टी के ‘बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट’ दृष्टि पत्र के लिए शनिवार को लोगों का ‘‘आशीर्वाद” मांगा. यह दस्तावेज इस बारे में संकेत देता है कि पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तहत राज्य विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सकती है. 

चिराग पासवान ने एक बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है और कहा है कि उनकी पार्टी (लोजपा) के सभी उम्मीदवार प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करेंगे. दृष्टि पत्र को मोदी से प्रेरित बताते हुए पासवान ने साफ कर दिया है कि उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जद(यू) से शिकायत है. उन्होंने मोदी के संग अपनी एक तस्वीर के साथ ट्विटर पर एक संदेश पोस्ट किया है, ‘‘मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि बिहार को फर्स्ट बनाने के लिए और बिहार की खोई अस्मिता को लौटाने के लिए आप सभी मुझे अपना आशीर्वाद देंगे, ताकि मेरे सभी प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत कर सकें.”

लोजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में 143 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है और भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ वह अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी. चिराग पासवान ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की है क्योंकि भाजपा नेतृत्व गठबंधन को बनाए रखना चाहता है. 

सूत्रों ने बताया कि लोजपा सीटों के बंटवारे की व्यवस्था में उसे पेशकश की गई सीटों को लेकर भी नाखुश है और वह जद(यू) की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने की उम्मीद कर रही है. बिहार में तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नंवबर और सात नवंबर को मतदान होगा, जबकि 10 नवंबर को मतगणना होगी. 

(भाषा के इनपुट के साथ)


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here