बीजापुर और सुकमा के जंगलों में नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद लापता जवानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Bijapur Encounter Update: सुकमा के जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षाबल के बीच कई घंटों तक चली मुठभेड़ में 9 नक्सली ढेर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर हरसंभव मदद का दिया आश्वासन.
बीजापुर के जंगलों में देर रात तक सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी थी. गोलीबारी थमने के बाद आज सुबह सुरक्षाबल के जवानों ने अपने लापता साथियों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया. अहले सुबह ही ये जवान जंगल पहुंच गए. वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक इलाके में नक्सलियों की सक्रियता को देखते हुए जवानों को हरसंभव सावधानी रखकर सर्च ऑपरेशन चलाने के लिए कहा गया है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की. केंद्रीय गृह मंत्री ने सीएम बघेल को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. साथ ही सीआरपीएफ के डीजी को तुरंत मौके पर पहुंचने का आदेश दिया. गृह मंत्री ने सीआरपीएफ के डीजी को सभी जरूरी कार्रवाई करने को कहा है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बातचीत कर हरसंभव मदद का दिया आश्वासन.
इस बीच, बीजापुर और सुकमा के जंगलों में पिछली रात से ही शुरू हुई लापता जवानों की खोज आज सुबह तेज की गई. बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद 21 जवान अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. आपको बता दें कि बीजापुर-सुकमा के जगरगुंडा इलाके के सिलगेर और तररेम के जंगल में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी. इसके अलावा सुरक्षाबलों को यह भी जानकारी मिली थी कि वहीं पर नक्सलियों का मिलिट्री बटालियन 1 और कमांडर हिड़मा भी छुपा है. इसके बाद ही करीब 2000 जवानों ने कमांडर हिड़मा और उसकी बटालियन को चारों तरफ से घेरने की योजना बनाई थी.जंगलों में नक्सलियों पर घेरा बनाने के लिए ये सभी जवान रवाना हुए, लेकिन सिलगेर में हिड़मा के ठिकाने से पहले टेकलगुडंम गांव की पहाड़ियों में नक्सलियों के बिछाए जाल में फंस गए. इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई. शनिवार दोपहर से लेकर देर शाम तक चली मुठभेड़ के दौरान 5 जवान शहीद हो गए, वहीं कई नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना है. बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के मुताबिक मुठभेड़ में 9 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है. (इनपुट – आदित्य)


