शासकीय राशन दुकान के स्टॉक की जांच में 23 क्विंटल चावल, सवा 3 क्विंटल शक्कर के साथ ही सवा 2 क्विंटल नमक भी कम मिला। जांच में राशन विक्रेता ने स्टॉक में राशन की कमी का कारण सप्लायर द्वारा पूरी सामग्री को नहीं देना बताया, जबकि स्टॉक में कमी का कारण राशन की काला बाजारी को माना जा रहा है। क्योंकि शासकीय गोदाम से सप्लायर के माध्यम से निर्धारित मात्रा में राशन भेजा था। इसका खुलासा उस समय हुआ जब डिप्टी कलेक्टर डिगेश पटेल राशन दुकान से हितग्राहियों को कम वजन तौल कर चावल देेने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे थे। लॉक डाउन के दौर में जहां एक ओर शासन गरीबों को एकमुश्त 2 महीने का राशन मुफ्त दे रहा है। इसके लिए सभी राशन दुकानों में अप्रैल से पहले ही राशन का भंडारण करवा चुकी है। वहीं राशन विक्रेता उस राशन का कालाबाजारी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मरवाही ब्लॉक के ग्राम बदरौड़ी का है, जहां के ग्रामीणों ने डिप्टी कलेक्टर डिगेश पटेल से शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने कहा कि राशन विक्रेता रोहित कैवर्त कम वजन तौल कर राशन दे रहा है। इसकी जांच करने शनिवार को डिप्टी कलेक्टर जब राशन दुकान पहुंचे तो उन्होंने पाया कि राशन दुकान में उपयोग की जा रही इलेक्ट्रॉनिक मशीन में तकनीकी खराबी है। इसके कारण अलग-अलग वजन प्रदर्शित हो रहा है। इस कारण राशन बांटने में कम वजन की शिकायत मिल रही है। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर ने निरीक्षण किया।
कालाबाजारी की आशंका: फूड इंस्पेक्टर ने कहा- नहीं मिली ऐसी कोई भी शिकायत
तौल में गड़बड़ी के कारण कालाबाजारी करने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि सरकारी गोदाम से सप्लायर के माध्यम से निर्धारित मात्रा में राशन ग्राम बदरौड़ी के दुकान में भेजा गया था। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राशन विक्रेता और राशन सप्लायर आपसी सांठगांठ करके उपरोक्त राशन को दुकान में खाली कराए बिना ही बेच दिया। क्योंकि जब फूड इंस्पेक्टर एनएस राठौर से पूछा गया कि क्या ग्राम बदरौड़ी की राशन दुकान में कम मात्रा में चावल, शक्कर व नमक ट्रांसपोर्टर द्वारा पहुंचाने की शिकायत राशन दुकान संचालक ने उनसे की थी तो उन्होंने बताया कि वहां के दुकान में कम मात्रा में राशन पहुंचाने की कोई शिकायत उन्हें नहीं मिली थी। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि राशन विक्रेता और राशन ट्रांसपोर्टर सांठगांठ कर राशन की कालाबाजारी किए हैं।
गोदाम में राशन की मात्रा मिली कम, होगी कार्रवाई: डिप्टी कलेक्टर
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के डिप्टी कलेक्टर डिगेश पटेल का कहना है कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान ग्राम बदरौड़ी में कम वजन तौलकर राशन वितरण करने की शिकायत की जांच के दौरान स्टॉक पंजी में दर्ज राशन की मात्रा से गोदाम में रखे राशन की मात्रा का मिलान करने पर चावल, शक्कर और नमक कम मिला है। इसका पंचनामा बना कर खाद्य विभाग से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को जांच रिपोर्ट दी जाएगी
गोदाम में चावल, शक्कर, नमक समेत 24 क्विंटर कम था राशन
स्टाक पंजी के अनुसार 137.03 क्विंटल चावल गोदाम में होना चाहिए था लेकिन 113.50 क्विंटल चावल गोदाम में मिला। इसी तरह 3.76 क्विंटल शक्कर में से सिर्फ 49 किलो शक्कर और 872 क्विंटल नमक में से सिर्फ 6.5 क्विंटल नमक गोदाम में था। इस तरह से राशन दुकान में स्टाक में 23.5 क्विंटल चावल, 3.27 क्विंटल शक्कर व 2.22 क्विंटल नमक कम मिला।
Source link