दतिया में भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या शहर में तनाव, पुरानी रंजिश में वारदात 6 आरोपियों पर मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के दतिया मेँ कोतवाली थाना क्षेत्र में भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।दतिया शहर के सेवढ़ा चुंगी इलाके में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में पार्षद के सिर मेँ गोली लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक कल्लू कुशवाहा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और एक हत्या के मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी थी।

वे हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे।घटना के बाद दतिया शहर में तनाव का माहौल बन गया है। अंतिम संस्कार के बाद आक्रोशित समर्थकों ने सेवढ़ा चुंगी पर चक्का जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। समर्थकों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए।

साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी उठाई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई शेरू कुशवाहा की शिकायत पर 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जिनमें गोलू कुशवाहा, सुधीर कुशवाहा, पंकज उर्फ छोटू कुशवाहा, साहब सिंह यादव, उमेश कुशवाहा और प्रवीण बाल्मीकि के नाम शामिल हैं। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here