आगर मालवा। जिले के सुसनेर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोर्ट में तारीख से लौटे एक परिवार पर घर के बाहर तलवार और पत्थरों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैजानकारी
के अनुसार, सुसनेर थाना क्षेत्र की खटला गली निवासी आशिक खान ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके परिवार का जमीन संबंधी विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद जब वे अपने परिवार के साथ घर लौटे, तभी दूसरे पक्ष के लोग घर के बाहर पहुंच गए।शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर तलवार और पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में आशिक खान, उनकी पत्नी संजीदा बी, बेटे अमन सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। पथराव के दौरान घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को थाने ले गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।


