पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष: पिटाई से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अंतिम संस्कार रोका

मऊगंज जिले में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें 55 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।

मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के ढाबा गौतमान गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ पुराना प्रेम प्रसंग है। गांव निवासी 55 वर्षीय रघुवीर पटेल के बेटे पूरनलाल पटेल का साकेत परिवार की एक युवती से कथित प्रेम प्रसंग था। करीब दो साल पहले दोनों के घर से भागने का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

बताया जा रहा है कि होली के दिन 4 मार्च को जब लोग त्योहार मना रहे थे, उसी दौरान साकेत परिवार के करीब 18 से 20 लोग एकत्र होकर पूरनलाल पटेल के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे रघुवीर पटेल को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीट दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ, जिसमें रघुवीर पटेल, उनकी पत्नी, बेटा पूरनलाल और संदीप पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रघुवीर पटेल की मौत हो गई। वहीं साकेत परिवार के भी करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।

रघुवीर पटेल की मौत के बाद पोस्टमार्टम तो कराया गया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मऊगंज एसडीओपी सची पाठक भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here