Brazils President Jair Bolsonaro says players have small chance of dying coronavirus | इस देश के राष्ट्रपति का अजीब तर्क, ‘फुटबॉलर कोरोना से नहीं मरेंगे, उनकी इम्युनिटी अच्छी होती है’

रियो डी जनेरियो: ब्राजील में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. यहां अब तक करीब 6000 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो (Jair Bolsonaro) स्थिति की गंभीरता को समझने को तैयार नहीं हैं. वह चाहते हैं कि देश में फुटबाल प्रतियोगिताओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाए. इसके पीछे उनका तर्क है कि चूंकि फुटबॉल खिलाड़ियों की फिटनेस काफी अच्छी होती है, इसलिए उन्हें कोरोना वायरस से ज्यादा खतरा नहीं है. 

कोरोना के प्रकोप को देखते हुए 15 मार्च को ब्राजील फुटबॉल लीग को निलंबित करने का फैसला लिया गया था, जबकि ब्राजील चैम्पियनशिप को मई में आयोजित कराने की बात कही गई थी. हालांकि, मौजूदा हालातों को देखते हुए इसकी संभावना कम है. ब्राजील 5,900 से अधिक मौतों के साथ COVID-19 का हॉटस्पॉट बन गया है. चिकित्सा विशेषज्ञों और डॉक्टरों का मानना है कि महामारी की रफ्तार में तेजी आ सकती है. इसके बावजूद राष्ट्रपति का फुटबाल प्रेम चौंकाने वाला है.  

बोल्सोनारो ने आगे कहा, ‘फुटबॉल बंद होने से क्लब से जुड़े लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. लिहाजा बड़ी तादाद में लोग प्रतियोगिताएं शुरू होते देखना चाहते हैं. यदि फुटबॉल खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित हो भी जाते हैं, तो भी उनके मरने की संभावना काफी कम है, क्योंकि वे एथलीट हैं और उनमें इम्युनिटी दूसरों के मुकाबले ज्यादा है’.

राष्ट्रपति ने कहा कि नए स्वास्थ्य मंत्री मैचों को बंद दरवाजों के पीछे आयोजित करवाने के संबंध में एडवाइजरी जारी करेंगे. हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि खिलाड़ी मैदान पर लौटने में शायद दिलचस्पी न दिखाएं. बोल्सोनारो ने कहा कि ब्राजील सरकार लाइव फुटबॉल को फिर से शुरू करने में मदद के लिए तैयार है.

मैच शुरू कराने की अपनी इच्छा को दूसरों पर डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि फुटबॉल को फिर से शुरू करने का निर्णय मेरा नहीं है, लेकिन हम इसमें मदद कर सकते हैं. मैंने इस मुद्दे पर ग्रेमियो (Gremio) के कोच रेनाटो पोर्टालुप्पी (Renato Portaluppi) से बात की है और उन्होंने मुझे बताया कि खिलाड़ी अभी भी कोरोना को लेकर चिंतित हैं. 

दूसरों देशों से नहीं लिया सबक
ब्राज़ील के कट्टर-प्रतिद्वंद्वी और पड़ोसी अर्जेंटीना ने COVID-19 महामारी के कारण 2019-20 सीज़न के बाकी मैचों को पहले ही रद्द कर दिया है. इसी तरह, फ्रांस ने पेरिस सेंट-जर्मेन को लीग 1 का विजेता घोषित करके आयोजन को बीच में खत्म कर दिया था. वहीं, रॉयल डच फुटबॉल एसोसिएशन भी Eridiviese को बिना किसी चैंपियन के रद्द कर चुका है. इसके उलट, ब्राजील के फुटबॉल संघ ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सभी की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए प्रतियोगिताओं को यथासंभव पुन: शुरू होना चाहिए. 

क्लब नहीं चाहते खेलना
वहीं, साओ पाउलो एफसी (Sao Paulo FC) के निदेशक और 1994 के विश्व कप विजेता राय ने कहा कि उनका क्लब इस संकटकाल में खेलों को फिर से शुरू करने के पक्ष में नहीं है. साथ ही उन्होंने गैर-जिम्मेदार प्रबंधन के लिए राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो के इस्तीफे की मांग की. राय ने आगे कहा कि हम उचित समय पर  सिफारिशों के अनुसार और धीरे-धीरे वापसी करना चाहते हैं. मौजूदा समय में खेलों को पुन: शुरू करने में कई खतरे हैं.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here