मंदसौर के नई आबादी थाना पुलिस ने मदारपुरा निवासी ईस्माईल उर्फ भुरा (32) की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके भाई और पत्नी को गिरफ्तार किया है। हत्या में शामिल मृतक का साला फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतक का शव 15 सितंबर को थाना क्षेत्र के नालछा माता मंदिर रोड किनारे मिला था । मृतक के आरोपी भाई ने ही पुलिस को एक्सीडेंट में मृत्यु होने की शिकायत दर्ज करवाई थी । मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू की थी । पुलिस के अनुसार, मकान बेचकर मिलने वाले पैसों के लालच और पारिवारिक विवाद के चलते मृतक के भाई मोहम्मद ईशाक, पत्नी मुस्कान और साले शाकिर ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले ईस्माईल के सिर पर डंडे से वार किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक से खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया। मृतक पति की लाश की ठिकाने लगाने के लिए पत्नी मुस्कान बाइक पर शव पकड़कर ले गई थी । मामले को दुर्घटना या नशे में मौत का रूप देने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का भाई स्वयं फरियादी बनकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र, घटनास्थल के सत्यापन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।मामले में पुलिस ने मृतक के भाई मोहम्मद इशाक और पत्नी मुस्कान दोनों निवासी मदारपुरा को गिरफ्तार किया है जबकि मृतक का साला शाकिर पिता बब्बू खा फरार है जिसकी तलाश की जा रही है ।


