भोपाल। होली के त्योहार से पहले मध्य प्रदेश के लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में प्रस्तावित बस हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बस ऑपरेटर्स के प्रतिनिधियों से सीधी चर्चा कर गतिरोध समाप्त कराया।
मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में सरकार और बस ऑपरेटर्स के बीच कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी। बताया जा रहा है कि बस ऑपरेटर्स की प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है।
इसके बाद ऑपरेटर्स ने 2 मार्च से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा कर दी।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में जब भी नई परिवहन नीति बनाई जाए, उसमें बस ऑपरेटर्स की सलाह और सुझाव अवश्य शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय से समाधान में विश्वास रखती है और किसी भी वर्ग की उपेक्षा नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि नई परिवहन नीति के विरोध में बस ऑपरेटर्स ने हड़ताल का ऐलान किया था, जिससे होली के दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। हड़ताल टलने से त्योहार पर यात्रियों को राहत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था सामान्य बनी रहेगी।सरकार और बस ऑपरेटर्स के बीच बनी इस सहमति को प्रदेश में सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।