छतरपुर। जिले से बारिश के बीच सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली एक भयावह तस्वीर सामने आई है। राजनगर तहसील के ग्राम गंज स्थित प्राथमिक शाला में तेज बारिश के दौरान स्कूल भवन की छत से इतना पानी टपका कि पूरा क्लासरूम झरने में तब्दील हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जर्जर स्कूल भवन की छत से तेज रफ्तार से पानी क्लासरूम के अंदर गिर रहा है। देखते ही देखते कमरे में पानी भर गया और पढ़ाई कर रहे मासूम बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे अपना बस्ता उठाकर किसी तरह बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पानी का बहाव इतना तेज था कि बच्चों के जूते-चप्पल भी पानी में बह गए।
बारिश के बीच बिगड़ते हालात को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों और उनके रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल भवन की तत्काल मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।


