Chhattisgarh News In Hindi : Chhattisgarh Paddy Purchase; BJP On Bhupesh Baghel Govt Over Police Lathi Charge | धान खरीदी : भाजपा बोली- हत्यारी व निर्मम सरकार, किसानों पर लाठीचार्ज नहीं हुआ तो क्या खुद पत्थर से अपने सिर फोड़े

  • पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय के साथ भाजपाइयों ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
  • कहा- गंगाजल की कसम ले आई सरकार मुकर गई, श्वेत पत्र जारी करने व धान खरीदी 15 दिन और बढ़ाने की मांग
  • केशकाल : रमन सिंह बोले- धान बेचने जा रहे किसानों पर लाठियां चलाई जा रही और मुख्यमंत्री अमेरिका घूम रहे हैं
  • भाजपा 22 फरवरी से प्रदेश भर में जिला स्तर पर करेगी प्रदर्शन, विधानसभा में भी उठाया जाएगा धान खरीदी का मुद्दा

Dainik Bhaskar

Feb 20, 2020, 02:38 PM IST

रायपुर. छत्तीसगढ़ में धान खरीदी काे लेकर गुरुवार को अंतिम तारीख है। इस बीच प्रदेश में किसानों के हो रहे प्रदर्शन और केशकाल में हुए लाठीचार्ज के बाद राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने राज्य सरकार को हत्यारी और निर्मम तक बता दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि धान बेचने जा रहे किसानों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। मंत्री कह रहे हैं कि लाठीचार्ज नहीं हुआ। अगर लाठियां नहीं चलीं तो क्या किसानों ने खुद पत्थर से अपने सिर फोड़ लिए हैं। इससे पहले भाजपा की ओर से राज्यपाल अनुसुईया उइके को ज्ञापन सौंपा गया।

केशकाल लाठीचार्ज मामले में भाजपा की ओर से गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट आ गई है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय समेत कई नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धान खरीदी के लिए श्वेत पत्र लाने व 15 दिन और बढ़ाने की मांग रखी गई। साथ ही कहा गया कि बड़े-बड़े वादे कर कांग्रेस की सरकार सत्तासीन हुई थी। न्यूनतम 2500 रुपए प्रति क्विंटल में 15 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, 2 वर्ष का बकाया बोनस भुगतान, किसानों की कर्जमाफी व मुफ्त बिजली समेत अन्य वादे शामिल थे।

बारदाने की कमी पैदा कर धान खरीद अघोषित रूप से बंद की गई
भाजपाइयों ने कहा, ये सारे वादे गंगाजल हाथ में लेकर किए गए थे। सत्ता में आ जाने के बाद न केवल कांग्रेस की सरकार अपने तमाम वादों से मुकर गई। सरकारी अव्यवस्था से किसानों में सरकार के खिलाफ आक्रोश है। खरीदी केंद्रों में पंजीकृत किसानों को टोकन देने के बाद भी, बारदाने की कृत्रिम कमी पैदा कर खरीद अघोषित रूप से बंद कर दी गई है। कांकेर के केशकाल में लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर लाठीचार्ज किया गया। धान खरीदी को लेकर किसान परेशान हैं और मुख्यमंत्री,मुख्य सचिव विदेश घूम रहे हैं। ऐसे में किस से बात की जाए। 

22 फरवरी से पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर करेगी प्रदर्शन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का एक भी जवाबदार व्यक्ति नहीं है जो किसानों की तकलीफ और समस्याओं को समझ कर उसका निराकरण कर सके। किसान धान बेचने के लिए जा रहा है। उनपर लाठी चल रही है। किसानों के ऊपर अत्याचार हो रहा है। भाजपा की ओर से तय किया गया है कि किसानों की समस्याअों को देखते हुए प्रदेश भर में जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं विधानसभा में भी इसका मुद्दा उठाएंगे। धान खरीदी की तय समय सीमा बढ़ाई जाए। जिससेे किसानों को फायदा मिल सके। 

भाजपा की मांग

  • धान खरीदी के संबंध में राज्य सरकार श्वेत पत्र जारी करें। 
  • कम से कम 15 दिन धान खरीदी की अवधि को बढ़ाया जाए। 
  • सभी किसानों को टोकन उपलब्ध कराए जाएं। 
  • लाठीचार्ज में घायल किसानों की मुफ्त चिकित्सा समेत उन्हें मुआवजा मिले। 
  • जांच कमेटी गठन कर लाठीचार्ज के दोषियों को दंडित किया जाए।
  • किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए। 
  • धान खरीदी का लक्ष्य बढ़ा कर एक करोड़ मीट्रिक टन किया जाए। 

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here