Chhattisgarh News In Hindi : CRPF Demolish Naxalites Smarak In Chhattisgarh Dantewada | मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की याद में बनाया 20 फीट ऊंचा स्मारक, जवानों ने विस्फोट से ध्वस्त किया

  • सुकमा-दंतेवाड़ा बार्डर पर स्थित बेनपल्ली गांव पहुंचे थे सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन के जवान
  • नक्सल संगठन के लिए नए लड़ाके तैयार करने की मिली थी सूचना, इसके बाद देर शाम निकले सर्चिंग पर 

Dainik Bhaskar

Mar 05, 2020, 02:14 PM IST

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सीआरपीएफ जवानों ने गुरुवार को नक्सलियों के बनाए गए शहीद स्मारक को विस्फोट से ध्वस्त कर दिया। इस इमारत को मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की याद में बनाया गया था। घटना सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर के बेनपल्ली गांव की है। नक्सल संगठन के लिए नए लड़ाके तैयार करने की सूचना पर डीआईजी सीआरपीएफ डीएन लाल और सीआरपीएफ कमांडेंट जितेंद्र सिंह के निर्देशन में अभियान शुरू किया गया और जवान बुधवार देर शाम सर्चिंग पर निकले थे। 

जानकारी के मुताबिक, सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर कोंडासावली के आगे बेनपल्ली गांव के आसपास जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। साथ ही यह भी जानकारी आई थी कि वहां नक्सली कैडर में नई भर्ती के लिए एकत्र हुए हैं। इस पर बुधवार को सीआरपीएफ 231 बटालियन और कोबरा 201 बटालियन से जवानों को रवाना किया गया। इसके लिए सुकमा और दंतेवाड़ा दोनों ओर से जवान घेराबंदी के लिए पहुंचे थे। हालांकि वहां पर पहुंचने से पहले नक्सली भाग निकले। 

इसके बाद जवानों ने मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की याद में वहां बनाए गए 20 फीट ऊंचे स्मारक को विस्फोट से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद बचे हुए अवशेष भी तोड़ दिए। कोंडासावली नक्सली बाहुल्य इलाका है। यहां पर सीआरपीएफ ने जनवरी 2018 में कैंप लगाया था। इसके बाद मार्च में नक्सलियों ने हमला किया। फिर 18 मार्च 2019 को भी नक्सलियों ने दूसरी बार हमला किया। हालांकि जवानों की सजगता के चलते जान-माल की हानि नहीं हुई और मुठभेड़ में नक्सली भाग निकले थे।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here