Chhattisgarh News In Hindi : Income tax investigation is going on in Bhilai, searches are being done in the house of CM Deputy Secretary Soumya Chaurasia | छठवे दिन भी जांच जारी, मुख्यमंत्री की उपसचिव के रिश्तेदारों से हुई पूछताछ, कार की भी ली गई तलाशी

  • भिलाई स्थित आवास पर जांच का दूसरा दिन, 27 फरवरी से प्रदेश में मौजूद है दिल्ली से आए आयकर अधिकारियों की टीम 
  • लगातार, कई कारोबारियों, अफसर और नेताओं के ठिकानों की जांच के बाद विभाग को मिले 150 करोड़ के बेनामी लेन-देन के सबूत 

Dainik Bhaskar

Mar 03, 2020, 08:57 PM IST

रायपुर. दिल्ली से पहुंचे आयकर विभाग के अफसर दूसरे दिन भी भिलाई स्थित सौम्या चौरसिया के मकान की जांच जारी रखी। सौम्या छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की उप सचिव हैं। इनके रिश्तेदारों से भी आयकर विभाग के अधिकारियों ने पूछताछ की। सौम्या के ड्रायवर से भी यह पूछा गया कि वह कहां आती-जाती हैं। बीते  27 फरवरी को पहली बार टीम ने रायपुर, बिलासपुर के कारोबारी, नेता और अफसरों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। अन्य जगहों पर जांच पूरी कर ली गई है।

फिलहाल जांच केवल भिलाई स्थित सौम्या चौरसिया के मकान में ही हो रही है। दरअसल, इनकम टैक्स की टीम ने 28 फरवरी की दोपहर उपसचिव सौम्या चौरसिया के भिलाई स्थित बंगले पर छापा मारा था। हालांकि वहां किसी के नहीं मिलने पर अगले दिन शाम को बंगला सील कर दिया गया। इसके बाद सोमवार से दोबारा बंगले पर कार्रवाई शुरू की गई।

ड्रायवर से अहम सबूत मिलने की चर्चा 
भिलाई में जारी कार्रवाई में यह बात चर्चा में रही कि मुख्यमंत्री की उपसचिव सौम्या चौरसिया के ड्राइवर ने दावा किया है कि छापों से पहले फाइलों से भरे चार-पांच बैग उनके बंगले से मुख्यमंत्री आवास पहुंचाए गए हैं। बैग लेकर वह स्वयं सौम्या चौरसिया के बंगले से सीएम हाउस गया था। इन फाइलों में क्या था उसे नहीं मालूम। हांलांकि इस तरह का कोई दावा आयकर विभाग की तरफ से नहीं किया गया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने सौम्या चौरिसिया के ड्राइवर पन्नालाल को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। 

रायपुर से बुलाए गए वैल्यूअर्स ने किया आंकलन
सौम्या की मां और ड्राइवर पन्नालाल से मंगलवार को 5 अफसरों की टीम ने दोबारा पूछताछ की। इसके अलावे रायपुर से बुलाए गए वैल्यूअर्स से सौम्या के ठिकानों से मिले जेवरातों की कीमतों और कैरेट का आंकलन कराया गया। सौम्या के घर से कुछ लैपटॉप, पैनड्राइव को भी सीज किया गया है। ये सारी जानकारियां आयकर के दिल्ली मुख्यालय को भेजी गई हैं। दूसरी ओर रायपुर- दुर्ग के 32 ठिकानों में 5 दिनों की छापेमारी में मिले दस्तावेजी सबूतों के आधार पर अधिकारी जांच आगे बढ़ाने में लगे हैं। 

अब लोकल अफसरों की मदद ली जा रही है।

छापों की जद में आए आबकारी विभाग के ओएसडी एके त्रिपाठी की तलाश में मंगलवार को रायपुर स्थित आयकर की टीम आबकारी भवन पहुंची। अफसरों ने यहां एक्साइज से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। करीब 4 दिनों के बाद त्रिपाठी ने सोमवार को ही ड्यूटी ज्वाइन की थी। त्रिपाठी के यहां मिले सबूतों के आधार पर एक रिटायर्ड आबकारी आयुक्त से भी पूछताछ के लिए बुलाया जाने की सूचना है। ये अफसर रायपुर में ही रहते हैं।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here