Chhattisgarh News In Hindi : Income Tax Raid in Raipur Mayor Ejaz House, Including Chhattisgarh IAS Officers, Police seized the vehicles of officers who arrived for the action of income tax | मेयर, अफसर और कारोबारियों के यहां छापा मारने वाले इनकम टैक्स अफसरों की गाड़ियों को पुलिस ने जब्त किया

  • नो पार्किंग में खड़ी होने की बात कहकर गाड़ियों में लगाए जैक, 20-25 गाड़ियां पुलिस लाइन में खड़ी कराईं
  • यातायात पुलिस के अधिकारी बोले- थानों ने की कार्रवाई, हमें जानकारी नहीं, पुलिस बोली ट्रैफिक पुलिस लाई

Dainik Bhaskar

Feb 28, 2020, 01:38 PM IST

रायपुर. छत्तीसगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी इनकम टैक्स कार्रवाई के लिए पहुंचे अधिकारी और रायपुर पुलिस आमने-सामने हो गए हैं। दबिश देने के लिए जिन गाड़ियों से अफसर पहुंचे थे, पुलिस ने उन्हें देर रात जब्त कर लिया है। पुलिस की ओर से यह कार्रवाई नो-पार्किंग में वाहनों के खड़े होने की बात कहकर की जा रही है। वहीं शहर की ट्रैफिक पुलिस और पुलिस दोनों एक-दूसरे पर कार्रवाई करने की बात डाल रहे हैं। यातायात पुलिस का कहना है कि कार्रवाई थानों ने की होगी, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, जबकि रायपुर पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस गाड़ियां लेकर आई है। 

इनकम टैक्स के अधिकारियों ने गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश के चार जिलों में एक साथ छापा मारने की कार्रवाई की। जिन लोगों पर कार्रवाई की गई, उनमें रायपुर मेयर एजाज ढेबर, पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड, आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा सहित कई कारोबारी शामिल हैं। इनमें से कई को सरकार का करीबी भी बताया जा रहा है। आयकर के 150 से ज्यादा अधिकारी कई सारे वाहनों में सवार होकर छापा मारने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ सीआरपीएफ के भी 200 से ज्यादा जवान शामिल हैं।

राज टॉकीज के पास से जब्त की गई गाड़ियां
अफसर जब कार्रवाई के लिए चले गए तो सड़क पर खड़े उनके वाहनों में पुलिस ने जैक लगा दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद देर रात उन वाहनों को उठाकर पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया है। ऐसे करीब 20 से 25 वाहन शामिल हैं, जिन्हें जब्त किया गया है। सभी गाड़ियां राज टॉकीज के पास खड़ी थी। इसी दौरान रात करीब 11.30 बजे पुलिस पहुंची और गाड़ियों में जैक लगा दिया। पुलिस ने गाड़ियों में बैठे चालकों के पेपर भी चेक किए। इसके बाद गाड़ियों को पुलिस लाइन में लाकर खड़ा करवा दिया गया।

गाड़ियां जब्त की गई हैं, ज्यादा जानकारी नहीं है

हां वाहनों के नो-पार्किंग में खड़े होने के कारण कार्रवाई की गई है। जब्त करने को लेकर जानकारी नहीं है। कितनी गाड़ियां हैं, हमें पता नहीं है। इस बारे में उच्चाधिकारियों से बात करें। 

सतीश ठाकुर, डीएसपी, ट्रैफिक पुलिस

गाड़ियों काे लेकर हमारी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हो सकता है कि थानों की पुलिस ने कार्रवाई की हो। मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है। 

एमआर मंडावी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक

कई गाड़ियां जब्त कर पुलिस लाइन में खड़ी की गई हैं। ट्रैफिक पुलिस ही इन गाड़ियों को लेकर आई थी। 

चंद्र प्रकाश तिवारी, आरआई, पुलिस लाइन


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here