Chhattisgarh News In Hindi : Outside the house, 2 youths were shot dead by two youths on the BJP leader, died on the spot | घर के बाहर भाजपा नेता को 2 युवकों ने मारीं तीन गोलियां, मौके पर ही मौत

  •  ग्राम हाहालद्दी की घटना, पत्नी और बच्चे के साथ मेला जाने के लिए निकले थे
  • हत्या आरोपी वारदात के बाद जंगल की ओर भागे, पुलिस ने आरोपियों की शुरू की तलाश

Dainik Bhaskar

Mar 01, 2020, 01:41 AM IST

कांकेर/दुर्गूकोंदल . भारतीय जनता पार्टी के नेता पूर्व जनपद सदस्य और वर्तमान दुर्गूकोंदल परिवहन संघ के उपाध्यक्ष रमेश गावड़े की शनिवार दोपहर उनके निवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान वे अपने परिवार के साथ दुर्गूकोंदल मेला जाने की निकल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी परिवार के अनुसार हत्या करने दो युवक पहुंचे थे। दोनों ने दो-दो गोली चलाई और घर के पीछे जंगल की ओर भाग गए। 

भाजपा नेता रमेश गावड़े शनिवार को अपने निवास हाहालद्दी से दुर्गूकोंदल के वार्षिक मेले में जाने के लिए दोपहर 1 बजे घर से निकल रहे थे। वे अपनी बाइक निकालकर घर के बाहर पत्नी व बच्चों को इंतजार करने लगे। इसी दौरान दो युवक सड़क की ओर से आए और उनसे बात करने लगे। इससे पहले की रमेश गावड़े युवकों की मंशा समझ पाते, दोनों ने पिस्तौल निकालकर उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। दोनों युवकों ने दो-दो यानी कुल चार फायर किए। एक गोली का निशाना चूक गया। एक गोली सिर में और दो गोली सीने में लगी। रमेश गावड़े वहीं गिर पड़े। पास खड़े परिवार के लोग तत्काल दौड़े, तब तक दोनों हमलावर जंगल की ओर भाग गए। घायल रमेश को निजी ट्रक में ही डालकर दुर्गूकोंदल अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। अज्ञात आोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नक्सली हत्या या आपसी विवाद, जांच के बाद होगा खुलासा, 25 से 30 वर्ष के थे दोनों 
डेढ़ साल पहले भाजपा नेता रमेश गावड़े के खिलाफ नक्सलियों ने पर्चे फेंके थे लेकिन हमलावारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद कहीं भी पर्चे आदि नहीं फेंके हैं। हमलावर नक्सली वर्दी मंें भी नहीं थे। 25 से 30 वर्ष के दोनों ग्रामीण युवक दिखाई पड़ रहे थे जो साधारण कपड़े पहने हुए थे। इससे यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि यह नक्सली घटना है। इसके अलावा रमेश गावड़े का आपसी विवाद भी सामने नहीं आया है। पुलिस इन दोनों बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की पड़ताल कर रही है।  दुर्गूकोंदल से महज 3 किमी दूर हाहालद्दी में गोली मारकर हत्या करने की खबर आग की तरह दुर्गूकोंदल के वार्षिक मेले में फैल गई। इसके बाद मेला पहुंचे लोग दहशत के चलते धीरे-धीरे वहां से लौट गए। गोलीकांड के बाद मेला प्रभावित हो गया। 

और इधर, मारपीट के मामले में साजा जनपद अध्यक्ष सहित 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ग्राम दही मही में पंचायत चुनाव के बाद विजय जुलूस के दौरान एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने साजा जनपद अध्यक्ष दिनेश वर्मा सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जहां सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। 10-10 हजार रुपए जुर्माना कर जमानत पर छोड़ दिया गया। ग्राम दही मही में 5 फरवरी को रात 9 बजे नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष दिनेश वर्मा, प्रह्लाद वर्मा, शिव वर्मा ग्राम भैंसामुड़ा निवासी और सेउक साहू, गिरधर, बिसेसर ग्राम दही मही ने अनिता साहू के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस दौरान घर पर उपस्थित सदस्यों द्वारा बीच बचाव किए जाने पर उनके साथ ही मारपीट की गई।  जानकारी के अनुसार चुनाव में सरपंच और जनपद सदस्य पद के प्रत्याशी को वोट नहीं देने को लेकर विवाद हुआ था।

इसको लेकर आरोपियों ने मारपीट की थी। घटना के बाद साजा थाने में प्रार्थी की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस पहले शिकायत पर आनाकानी करती रही। दबाव बनने पर मामला दर्ज किया गया। पहले तो पुलिस ने महिलाओं की एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की पर बाद में एफआईआर तो दर्ज की लेकिन उनके घर के पुरुष सदस्यों के खिलाफ भी काउंटर का मामला दर्ज कर दिया गया था। जिसे लेकर ग्रामीण और पीड़ित महिलाओं ने 22 फरवरी से साजा में भाजपा एवं साजा युवा मोर्चा मंडल के तत्वाधान में धरना प्रदर्शन कर विरोध किया।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here