- सेमरा के अटल चौके पास रविवार रात की घटना, सीसीटीवी कैमरे में दिखा आरोपी
- दुकानदार बोला- व्यापार में प्रतिस्पर्धा हो सकती है वजह, कपड़ों से पहचान का दिखा
Dainik Bhaskar
Feb 18, 2020, 12:54 PM IST
रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सेमरा के अटल चौक के पास स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान में रविवार देररात एक युवक ने आग लगा दी। आग के चलते करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इससे पता चलता है कि महज 45 सेकेंड में युवक ने दुकान के दरवाजे पर पेट्रोल डाला और फिर माचिस जलाकर उसमें आग लगा दी। आगजनी की वजह व्यापार में प्रतिस्पर्धा हो सकती है। घटना नवागढ़ क्षेत्र की है।
युवक पहले पेट्रोल डालता है, फिर लौटकर आग लगाता है
सेमरा के अटल चौक के पास गांव के ही दिलीप कश्यप की ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान में गाड़ियों की धुलाई, हवा, वेल्डिंग आदि भी करता था। दिलीप के अनुसार गांव में और भी ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दूसरी दुकानों की तुलना में उसकी ज्यादा चलती है। रविवार रात को वह दुकान बंदकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह लौटा तो देखा कि दुकान में आग लगाई गई थी। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी।
ऑटो पार्ट्स की दुकान के बाजू में वीरेंद्र कश्यप की वेल्डिंग दुकान है। उस दुकान में सीसी कैमरा लगा है। सोमवार को कैमरे फुटेज देखा तो रात 1.15 बजे एक ऊंचे कद काठी का युवक बोतल में पेट्रोल लेकर जाता दिख रहा है। युवक दुकान के दरवाजे पर एक छोर से दूसरे छोर तक पेट्रोल डाल कर लौट जाता है। थोड़ी देर बाद वही युवक फिर वहां लौटता है और माचिस मारकर पेट्रोल में फेंक कर भाग जाता है, जिससे आग पकड़ती है।
कपड़ों से पहचाना जैसा लग रहा है, चेहरा नहीं दिख रहा
दिलीप कश्यप ने बताया कि उसका किसी से विवाद नहीं है। उसे आशंका है कि व्यापार अधिक चलता है। गांव में और भी ऑटो पार्ट्स बेचने वाले हैं। उनकी दुकान कम चलती है, इसलिए व्यापार में नुकसान के कारण किसी ने आग लगाई होगी। जो युवक वीडियो में दिख रहा है, उसका चेहरा तो क्लियर नहीं है किंतु कद काठी व कपड़ों से पहचाना हुआ लग रहा है। आगजनी में वेल्डिंग मशीन, पुरानी बाइक, धुलाई मशीन, काउंटर, रैक सहित अन्य सामान जल गए हैं। इससे करीब सात लाख का नुकसान हुआ है।
Source link