सूरजपुर| संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर दीपक सोनी की उपस्थिति में सक्षम सूरजपुर अंतर्गत ई-लाइब्रेरी में कॉलेज में उपलब्ध पुस्तकों को जोड़ने के लिए जिले के सभी कॉलेज के प्राचार्य एवं प्रभारियों की बैठक ली गई, जिसमें ई-लाइब्रेरी के कार्यों का प्रशिक्षण भी दिया। कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया की सक्षम सूरजपुर ई-लाइब्रेरी के माध्यम से पुस्तक उपलब्ध कराना ही नहीं वरन जिले में शिक्षा के प्रभाव को विस्तृत रूप देने के लिए सक्षम सूरजपुर को प्रारंभ किया गया है। ई-लाइब्रेरी के तहत जिले के छात्रों के साथ ही पुस्तक प्रेमियों को उनकी इच्छा अनुसार पुस्तकें उपलब्ध हो ऐसा एक ग्लोबल माध्यम तैयार किया गया है। इससे दूरस्थ अंचल के भी सदस्य अथवा छात्र ई-लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कॉलेज को ई-लाइब्रेरी से जोड़कर अधिक से अधिक युवाओं को लाभ दिया जा सकता है। कॉलेज में कई ऐसी पुस्तकें उपलब्ध होती हैं जो पंजीकृत सदस्यों के लिए बहुत ही उपयोगी होगी। बैठक में उपस्थित सभी कॉजेज के प्राचार्य एवं प्रभारियों को ई-लाइब्रेरी की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें लाइब्रेरियन की आईडी से छात्रों एवं सदस्यों को पंजीकृत कर आईडी प्रदान करना, उपलब्ध पुस्तकों को ई-लाइब्रेरी में जोड़ना, सदस्यों एवं छात्रों को बुक उपलब्ध कराना एवं सदस्यों एवं छात्रों से बुक प्राप्त करना तथा इसी प्रकार अन्य कार्यों को विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण विनीत साहू ईडीएम एवं सहयोगी ऑपरेटर दीपक के द्वारा प्रदाय किया गया। इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह क्षत्रि, सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक शशिकांत सिंह, जिले के कॉलेजों के प्राचार्य एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
Source link


