Chhattisgarh News In Hindi : Three more days of paddy purchase; Congress claims – bought more than previous government, BJP-Jogi Congress told lies | धान खरीदी के 3 दिन और बचे; कांग्रेस का दावा- पिछली सरकार से ज्यादा खरीदी, भाजपा-जोगी कांग्रेस ने बताया झूठ

  • कांग्रेस ने पिछली सरकारी का रिकॉर्ड जारी कर बताया, अब तक भाजपा से ज्यादा खरीदी हो चुकी है
  • दोनों विपक्षी दलों ने कहा- बड़ी संख्या में किसान धान नहीं बेच पाए, स्टॉक जमा से खरीदी में दिक्कत आ रही

Dainik Bhaskar

Feb 18, 2020, 09:07 AM IST

रायपुर. धान खरीदी के लिए अब तीन दिन और बचे हैं, लेकिन राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग उफान पर है। कांग्रेस ने पिछली सरकारी का रिकॉर्ड जारी कर बताया है कि अब तक भाजपा से ज्यादा खरीदी हो चुकी है। इसके विपरीत भाजपा और जोगी कांग्रेस ने इसे झूठा करार दिया है। दोनों विपक्षी दलों ने कहा है कि अभी भी बड़ी संख्या में किसान धान नहीं बेच पाए हैं। धान का स्टॉक जमा होने के कारण खरीदी में दिक्कत आ रही है तो कई जगह बारदानों की कमी के कारण यह समस्या है। बारदाने की कमी के कारण सोमवार को कोंडागांव में किसानों ने सड़क जाम कर दिया।

हार के बाद भाजपा की याददाश्त चली गई है, उनसे ज्यादा दाम में धान खरीद रही बघेल सरकार : त्रिवेदी
कांग्रेस महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि धान खरीदी पर भाजपा लगातार झूठ का सहारा ले रही है। किसानों के हित में ठोस काम करने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोज झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा सरकार ने जो-जो किया भाजपा उसे भुला बैठी है। 2018 विधानसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा नेताओं की याददाश्त चली गई है। भाजपा ने जितने किसानों का धान नहीं खरीदा और जितना दाम नहीं दिया बघेल सरकार उससे ज्यादा धान खरीदी कर चुकी है। कर्जमाफी और किसानों को धान का दाम 2500 रू. देने से छत्तीसगढ़ के किसानों को 25095 करोड़ से अधिक की राशि मिलने से विरोधी भाजपा इससे बौखला गयी और भाजपा की केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर 2500 रू. में धान खरीदी करने से मना किया।

बारदानों की कमी के कारण नहीं हो रही है खरीदी यह तो किसानों के साथ वादाखिलाफी : जोगी
जनता कांग्रेस सुप्रीमो अजीत जोगी ने प्रदेश सरकार के द्वारा धान खरीदी के मामले में किसानों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कभी टोकन के नाम पर तो कभी रकबे के नाम पर प्रदेश के किसान हमेशा से परेशान होते रहे हैं। अब धान खरीदी केंद्रों में बारदानों की कमी की वजह से किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं। जोगी ने कहा धान खरीदी में अब कुछ ही दिन शेष है। प्रदेशभर से खबरें आ रही हैं कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों द्वारा धान ले जाने के लगभग एक सप्ताह बाद भी बारदानों की कमी है। इसके कारण धान खरीदी नहीं हो रही है। यह किसानों के साथ अन्याय और वादा खिलाफी है। जोगी ने कहा मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, सीएम के प्रमुख सचिव वर्तमान में अमेरिका दौरे पर हैं। यहां कोई निर्णय लेने वाला नहीं है।

खरीदी केंद्रों में लाखों क्विंटल धान जाम, इसलिए किसानों को बेचने में हो रही है दिक्कत : चंद्राकर
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर ने कहा कि किसानों की मेहनत से उपजा अन्न प्रदेश की अनमोल संपत्ति है। सरकार व अफसर अपनी नाकामी के कारण अन्न संपदा की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी तरफ सरकार और अफसरों द्वारा तेजी से धान उठाव के दावे किए जा रहे हैं जो कि मैदानी स्तर पर कोरा झूठ साबित हो रहे हैं। राजनांदगांव जिले में 27 लाख क्विंटल धान खुले में रखे होने के कारण अंकुरित होने लगा है। इस आधार पर पूरे प्रदेश की स्थिति का अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है। किसानों के लिए आपदा बन चुकी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इस वर्ष किसानों को जितना परेशान किया है, उससे प्रदेश में किसान व्यथित और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। महासमुंद में एक किसान अनशन पर है।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here