इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री यहां ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सेमीकंडक्टर समिट में शामिल होने के लिए रवाना हुए।समिट में मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर नीति 2025 का प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्य प्रदेश: हमारा विजन’ विषय पर अपना व्याख्यान देंगे और निवेशकों को संबोधित करेंगे।कार्यक्रम में 50 से अधिक कंपनियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें सेमीकंडक्टर डिजाइनिंग, एडवांस पैकेजिंग, टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, उपकरणों और संबंधित तकनीकों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।समिट में देश-विदेश की 15 से अधिक प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियों के सीईओ और प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप्स से सीधे संवाद भी करेंगे। इस दौरान इंदौर और भोपाल में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने, जमीन की उपलब्धता और निवेश से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और मध्य प्रदेश को इस उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इस समिट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दो निजी कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।


