1 जुलाई को सिवनी आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कोदो-कुटकी बोनस वितरण और धान महोत्सव में होंगे शामिल

सिवनी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 जुलाई को सिवनी जिले के दौरे पर रहेंगे। पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसानों को कोदो-कुटकी का बोनस वितरित करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के क्रम में कार्यक्रम के दौरान धान महोत्सव का भी आयोजन होगा। खरीफ सीजन की शुरुआत के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में अच्छी वर्षा, बेहतर उत्पादन और किसानों की समृद्धि का संदेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, वीआईपी एवं आमजन के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी और नियंत्रण कक्ष सहित सभी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए हैलीपेड निर्माण का कार्य भी अंतिम चरण में है।कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण विधायक दिनेश राय मुनमुन, कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी लगातार कर रहे हैं।

अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हैं और प्रशासन के सभी विभाग समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह, अपर कलेक्टर सीएल चनाप, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीएम पूर्वी तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिले के किसानों और आम नागरिकों में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है तथा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here