मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अचानक सीधी दौरे से प्रशासन में हलचल, पनवार हवाई पट्टी पहुंचते ही बढ़ी चहल-पहल

सीधी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अचानक सीधी जिले के आकस्मिक भ्रमण पर पहुंचे। उनके अचानक आगमन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले, पुलिस अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों में हलचल मच गई। बिना पूर्व निर्धारित दौरा कार्यक्रम के मुख्यमंत्री के सीधी पहुंचने से जिले में पूरे दिन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मिर्जापुर से विमान द्वारा सीधी जिले की पनवार हवाई पट्टी पहुंचे। जैसे ही उनके आगमन की सूचना प्रशासन को मिली, अधिकारी तत्काल हवाई पट्टी पर पहुंच गए। पार्टी पदाधिकारी और समर्थक भी स्वागत के लिए पनवार हवाई पट्टी पर एकत्र हो गए। मुख्यमंत्री के अचानक दौरे को लेकर जिले भर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, पनवार हवाई पट्टी से मुख्यमंत्री सीधे सीधी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां वे पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। उनके इस दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। हालांकि दौरे के संबंध में आधिकारिक रूप से विस्तृत कार्यक्रम पहले जारी नहीं किया गया था, जिससे उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित तैयारियां करनी पड़ीं।

मुख्यमंत्री के अचानक सीधी आगमन से यह भी माना जा रहा है कि वे जिले की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सकते हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी सतर्क नजर आए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर विशेष इंतजाम किए गए।

मुख्यमंत्री के इस आकस्मिक दौरे ने सीधी जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में सरगर्मी बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान कौन-कौन से नेताओं से मुलाकात करते हैं और क्या कोई महत्वपूर्ण निर्देश या संदेश सामने आता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here