मुख्यमंत्री कन्या विवाह का नलखेड़ा में हुआ आयोजन, 140 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, 4 जोड़ों का निकाह भी हुआ।

आगर मालवा: एंकर-मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना अंतर्गत जिले के नलखेड़ा में 140 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, इनमें सम्मिलित 4 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर नलखेड़ा में आयोजित समारोह में उपस्थित सांसद रोडमल नागर, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, सीईओ जिला पंचायत नंदा भलावे कुशरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष केसरबाई, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह यादव, एसडीएम सर्वेश यादव, सीईओ जनपद पंचायत जितेंद्र सिंह सेंगर, नगर अध्यक्ष अंतिम सोनी, विधायक सुसनेर भेरूसिंह बापू आदि जनप्रतिनिधियों और गणमान्यजनों ने उल्लासपूर्ण वातावरण में वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उनके सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा कन्याओं को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के अंतर्गत शासन द्वारा प्रदत्त चेक प्रदान किए गए । साथ ही विवाह समारोह में प्रत्येक जोड़े को विधायक सुसनेर बापू सिंह परिहार की ओर से पानी का एक-एक कैंपर, सरपंच संघ द्वारा एक एक टिफिन उपहार स्वरूप भेंट किए गए, व्यापारी संघ की और से श्री राम गोयल द्वारा व पत्रकार संघ द्वारा भी जोड़ों को उपहार भेंट किए गए। जोड़ों को उपहार प्रदान करने वाले संगठन और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान गायत्री परिवार के ओमप्रकाश तेजरा, अनीता तेजरा व उनकी टीम द्वारा हिंदू वैवाहिक पद्धति से विवाह संपन्न कराए गए। इसी प्रकार क़ाज़ी अब्दुल हकीम द्वारा निकाह संपन्न करवाये गए। अतिथियों द्वारा वर-वधूओ पर पुष्प वर्षा भी की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here