भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। बारिश के बीच भी युवाओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच से तिरंगा लहराकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया और सभी से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाई जा रही है।सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष, बलिदान और त्याग के बाद मिली है। हम सभी को अपने उत्तरदायित्व का पालन करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मिलकर यह संकल्प लें कि वे आजीवन देश की सेवा करेंगे। उन्होंने देशवासियों से वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ भारत को चिर युवा और चिर स्वतंत्र बनाए रखने का आह्वान किया।



