उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उज्जैन जिले के खाचरोद स्थित चिरोला घाट आश्रम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का पुष्पाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आश्रम में पूज्य स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज को नमन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का संदेश भी देते हैं।उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के कल्याण भाव के साथ प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखी, समृद्ध और स्वस्थ जीवन की कामना की।


