भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार से दुबई की यात्रा पर रहेंगे, जहाँ उनका मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश के लिए विदेशी निवेश आकर्षित करना है। अपनी यात्रा के दौरान, मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीयों, उद्योगपतियों और ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ के साथ संवाद करेंगे। वे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे, जो मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करेंगे।
दुबई दौरे का पहला दिन: ‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ और सांस्कृतिक प्रस्तुति
मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम होटल अटलांटिस में ‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ होगा। इस दौरान, मध्य प्रदेश पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। मुख्यमंत्री प्रदेश की विविधता और क्षमताओं को दर्शाने वाली थीम प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और प्रवासी समुदाय को मध्य प्रदेश की बदलती तस्वीर से अवगत कराएंगे।इसके बाद, मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीयों और ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ के साथ संवाद करेंगे। वे दुबई के भारतीय मूल के उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे और ईएसडीएम, फार्मा, टेक्सटाइल, ग्रीन हाइड्रोजन सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।शाम को, मुख्यमंत्री प्रदेश की लोक-संस्कृति से जुड़े एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें लोकनृत्य, गीत, बटिक प्रिंट जैसी प्रस्तुतियाँ होंगी, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएंगी।
निवेश पर केंद्रित रहेंगे अंतिम कार्यक्रम
यात्रा के अंतिम चरण में, मुख्यमंत्री दुबई के उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ एक निवेश संवाद में शामिल होंगे। इस दौरान, उन्हें पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ग्रीन एनर्जी ज़ोन और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ जैसी मध्य प्रदेश की प्रमुख पहलों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उद्योगपति मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित रात्रि भोज में भी शामिल होंगे।
इस महत्वपूर्ण दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह, संस्कृति और पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला, औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला, सीएम कार्यालय में सचिव इलैया राजा टी और आयुक्त जनसंपर्क सुदाम पी खाड़े भी मौजूद रहेंगे। यह प्रतिनिधिमंडल मध्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करेगा।


