पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी राज्य में 200 से अधिक सीटों पर बढ़त या जीत दर्ज करती नजर आ रही है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।
इसी बीच, प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। राज्य के चीफ सेक्रेटरी कार्यालय की ओर से सभी सरकारी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि सभी विभागीय सचिव और हेड ऑफ ऑफिस अपने-अपने विभागों की महत्वपूर्ण फाइलों और दस्तावेजों को सुरक्षित रखें।जारी निर्देशों के मुताबिक, कोई भी जरूरी कागज या फाइल कार्यालय से हटाई, नष्ट या किसी भी तरह से बाहर नहीं ले जाई जाएगी।
इसके साथ ही बिना अनुमति के किसी भी दस्तावेज की कॉपी या स्कैनिंग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी फाइलों, जरूरी कागजातों और आधिकारिक संचार का सही रिकॉर्ड रखा जाए। विभागाध्यक्ष और सचिव स्वयं इसकी निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि निर्देशों का पूरी तरह पालन हो।
प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।राज्य में बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच इस तरह के निर्देशों को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि नई सरकार के गठन से पहले प्रशासनिक दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


