छतरपुर में आज़ाद समाज पार्टी की संकल्प यात्रा के दौरान झड़प, दामोदर यादव का सरकार और विधायकों पर तीखा हमला

छतरपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) भीम आर्मी की संयुक्त संकल्प यात्रा का आयोजन छतरपुर के अटल सभागृह में प्रशासन की तय समय सीमा एवं गाइड लाइन के अनुसार किया गया। कार्यक्रम में दामोदर यादव, आरडी प्रजापति सहित पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा के दौरान मंच के नीचे दो पक्षों के बीच अचानक विवाद हो गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, हालांकि बाद में मामला शांत करा लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दामोदर यादव ने प्रदेश की मौजूदा सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने बड़ा मलहरा विधायक राम सिया भारती को “छोटी बहन” और छतरपुर विधायक ललिता यादव को “बड़ी बहन” संबोधित करते हुए मंच से सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा विवादित टिप्पणी की गई, तब उनकी “बड़ी बहन” को चुप नहीं रहना चाहिए था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के संदर्भ में भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जब उनके साथ कथित अन्याय हुआ, तब भी जनप्रतिनिधियों को मुखर होना चाहिए था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भी अत्याचार होते रहे और कई नेता चुप्पी साधे रहे।

दामोदर यादव ने बिना नाम लिए कुछ धार्मिक कथावाचकों और कथित “पाखंडवाद” पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधानवादी ताकतें आडंबर और पाखंड को खत्म कर सामाजिक न्याय की स्थापना करना चाहती हैं। उन्होंने 90 प्रतिशत पत्रकारों की सराहना करते हुए कुछ पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने बड़ा मलहरा क्षेत्र में कुछ वर्ष पूर्व यादव परिवार की मासूम बच्ची की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपी जेल में है, लेकिन परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला। पार्टी उस परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

मीडिया के सवाल पर कि क्या कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद यह यात्रा पार्टी को मजबूत करने की रणनीति है, दामोदर यादव ने कहा कि वर्ष 2028 को लक्ष्य बनाकर संकल्प यात्रा के माध्यम से ओबीसी, एससी और एसटी समाज को संगठित किया जाएगा और पार्टी को प्रदेश में मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संभावित विरोध को देखते हुए प्रशासन द्वारा कुछ लोगों को नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई, जिस पर दामोदर यादव ने प्रशासन का धन्यवाद दिया।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/03/VID-20260301-WA0074.mp4

Byte- दामोदर यादव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here