मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने आगामी त्योहारों और सामाजिक-धार्मिक मेलों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।सीएम ने कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने, पटाखा दुकानों के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया।


