7 तारीख को बहनों के खाते में आए पैसे, भैया शिवराज के साथ बाजार पहुंची लाड़ली बहनें

धनतेरस में सीएम शिवराज का दिखा अनूठा रूप, चौक बाजार के बहनों को किया संबोधित

भोपाल। मध्य प्रदेश में चुनाव को अब सिर्फ 6 दिन ही बचे हैं। वहीं, प्रचार के लिए 5 दिन का समय शेष है। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ही दलों के नेता प्रचार के मैदान में पूरी दमखम के साथ उतर रहे हैं। शुक्रवार को दिन भर में 9 विधानसभा में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धनतेरस की रात को भी मैदान संभाल लिया। उन्होंने धनतेरस का मौका देखते हुए चौका मार लिया। वे कल रात लाड़ली बहनों के साथ खरीदारी करने पहुंच गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात 9:00 बजे भोपाल के सबसे व्यस्ततम सराफा मार्केट (चौक बाजार) पहुंचे। उनके साथ कई लाडली बहनें भी मौजूद थी। यहां पर एक लघु सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों के लिए संचालित की जा रही योजनाओं के बारे में बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बहनों के साथ सराफा दुकान में पहुंचकर खरीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रही। खरीदारी के साथ ही मुख्यमंत्री ने मतदाताओं को साधने का प्रयास भी किया। मुख्यमंत्री जिस क्षेत्र में खरीदी करने पहुंचे थे, उसका कुछ हिस्सा भोपाल मध्य विधानसभा और कुछ हिस्सा उत्तर विधानसभा सीट में आता है। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली बहनों को हर महीने हमारी सरकार 10 तारीख को पैसे देती है, लेकिन इस बार धनतेरस के मौके पर हमने निर्णय लिया कि पैसा 7 तारीख को ही डाल दिया जाए। कल ऐसा ही हुआ। बहनों के खाते में पैसे पहुंच गए। आज सभी बहनों ने धनतेरस के मौके पर बाजार जाकर खरीदारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बहने खुलकर खरीदी नहीं कर पाती थी। मुझे यह देखकर दर्द होता था, लेकिन आज बहनों का अपना बैंक अकाउंट है, उसमें हर महीने पैसे आते हैं। अब उन्हें पति से पैसे नहीं मांगने पड़ते। लाडली बहन योजना एक अद्भुत योजना है। कुछ लोग इस योजना को फ्री में पैसा बांटना कहते हैं, लेकिन मैं बताना बताना चाहता हूं कि यह लाडली बहनों को सशक्त करने वाली सबसे बड़ी योजना है।
आपको बता दें कि भोपाल मध्य विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने ध्रुव नारायण सिंह को टिकट दिया है। उनका मुकाबला वर्तमान में विधायक आरिफ मसूद से है। वही उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा ने आलोक शर्मा को टिकट दिया है, उनका मुकाबला भी कांग्रेस से वर्तमान विधायक आरिफ अकील के बेटे आतिफ अकील से है। मुख्यमंत्री जिस क्षेत्र में लाडली बहनों के साथ खरीदारी करने पहुंचे थे, वह क्षेत्र मुस्लिम बहुल है। और दिलचस्प बात यह है कि इस क्षेत्र की निवासी अधिकांश मुस्लिम महिलाएं भी लाडली बहन योजना का लाभ ले रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here