कन्या विवाह महोत्सव को लेकर बागेश्वर धाम में कलेक्टर-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर खास फोकस

बागेश्वर धाम ग्राम गढ़ा में आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव को लेकर सोमवार को कलेक्टर पार्थ जैसवाल एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लॉ एंड ऑर्डर, वीआईपी मूवमेंट तथा प्रोटोकॉल व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।कलेक्टर और एसपी ने धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक चर्चा की।

इस अवसर पर राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हेलीपेड स्थल, मुख्य मंच, ग्रीन रूम सहित अन्य प्रमुख स्थानों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निकायों, पंचायतों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धाम परिसर एवं आसपास के सभी जल स्रोतों की वॉटर टेस्टिंग सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सभी ढाबों, दुकानों एवं होटलों में फूड सैम्पलिंग कर जांच कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। स्वास्थ्य विभाग, एमपीईबी, वन विभाग, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, राजस्व, नगरीय प्रशासन एवं पंचायत विभाग को भी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here