छतरपुर। शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक-02, देरी रोड में छात्रों द्वारा छात्रावास अधीक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक आशीष कुमार शुक्ला के खिलाफ गंभीर शिकायत की गई थी। छात्रों ने अनुचित आचरण, अनुचित वार्तालाप, अनुचित स्पर्श और शारीरिक एवं मानसिक शोषण के आरोप लगाए हैं।शिकायत के बाद मामले की जांच पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) द्वारा की जा रही है। जांच प्रभावित न हो और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके, इसे देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीना ने आशीष कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।प्रशासन के अनुसार, छात्रों की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में अनुशासनहीनता पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


