बारिश में कंक्रीट की ढलाई! नलखेड़ा में सड़क निर्माण का वीडियो वायरल

एमपी अजब है… सबसे गजब है। सरकारी निर्माण कार्यों को लेकर अक्सर समय पर काम पूरा नहीं होने की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन नलखेड़ा में तस्वीर कुछ उलट दिखाई दी। यहां तेज बारिश के बीच रात में सीसी रोड का काम चलता रहा। गुरुवार रात का बताया जा रहा यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

मामला आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 का बताया जा रहा है। शिवाजी मार्ग पर सार्वजनिक शौचालय से खेड़ापति हनुमान मंदिर मार्ग तक लाखों रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। वायरल वीडियो में बारिश के दौरान मजदूर सड़क पर कंक्रीट डालते नजर आ रहे हैं।

तस्वीरों में सड़क पर बारिश का पानी भी बहता दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। आखिर तेज बारिश के बीच डाली गई सीमेंट-कंक्रीट कितनी मजबूती से सेट होगी? क्या पानी की वजह से निर्माण सामग्री प्रभावित नहीं होगी?

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों के बीच सड़क निर्माण के तरीके और समय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सवाल यह भी है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों को बारिश के दौरान चल रहे इस निर्माण कार्य की जानकारी थी? अब देखना होगा कि नगर परिषद इस मामले पर क्या स्पष्टीकरण देती है और निर्माण की गुणवत्ता की जांच होती है या नहीं।

फिलहाल बारिश के बीच सड़क निर्माण का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। सड़क की मजबूती पर फैसला तो निर्माण पूरा होने के बाद ही होगा, लेकिन बरसात में निर्माण कराने के तरीके ने सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here