भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को करीब 11 घंटे भोपाल में रहे। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने मोदी सरकार और शिवराज सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां गिनाईं। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का मतलब करप्शन, कमीशन, डिवीजन, भाई-भजीतावाद, परिवारवाद है। इस पार्टी के नेता अहंकार में डूबे हैं। कांग्रेसी नेता अति पिछड़ों को जाति सूचक गाली देते हैं और फिर माफी भी नहीं मांगते। नड्डा ने कहा कि भाजपा का मतलब मिशन, समाज सेवा, महिला और समाज का सशक्तिकरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार के विकास की बातें जनता के बीच जाकर बताएं। आप तर्कों और मुद्दों के आधार पर जनता के बीच जाएं। जेपी नड्डा ने कुशाभाउ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रबुद्धजनों के साथ चर्चा भी की।
शंख फूकने आए हैं अध्यक्ष जी: शिवराज
सीएम शिवराज ने बूथ कार्यकर्ताओं से कहा कि आज नड्डा जी शंख फूंकने आए हैं। जब कोविड था और लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे, उसी समय नड्डा जी ने बीजेपी के लाखों कार्यकर्ताओं को सेवा में लगाया था। उनके नेतृत्व में उत्तर पूर्वी राज्यों में एकतरफा जीत मिली है।
भाजपा कार्यालय का भूमि पूजन
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय के लिए भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि साल 2014 में जब मोदी जी को संसदीय दल का नेता चुना गया था। तब वो पार्टी दफ्तर आए थे। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हर जिले में पार्टी का एक अच्छा कार्यालय बने। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में 290 दफ्तर बन चुके हैं। 115 में काम चल रहा है। 123 कार्यालय के लिए जमीन ले ली गई है। उन्होंने कहा कि भोपाल में बन रहा कार्यालय मोस्ट मॉर्डन कार्यालय होगा।
कोर कमेटी की बैठक: प्रभावी रणनीति पर मंथन
शाम को पार्टी के कोर कमेटी की बैठक भी हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे। कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया कि भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए कार्यकर्ताओं से सहयोग लेंगे। इसके साथ ही बैठक में आगामी चुनावों को लेकर प्रभावी रणनीति बनाने पर मंथन भी हुआ।