छतरपुर। राहुल गांधी पर दर्ज FIR के विरोध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेस जिलाध्यक्ष गगन यादव ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आमसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंच का कथित रूप से ‘शुद्धीकरण’ कराया गया था। कांग्रेस की ओर से इस मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की जा रही थी।गगन यादव का आरोप है कि पुलिस प्रशासन और केंद्र की मोदी सरकार के दबाव में उल्टा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ही झूठी FIR दर्ज कर दी गई। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस उग्र गांधीवादी आंदोलन करेगी। यादव ने भाजपा पर पुलिस-प्रशासन के दम पर शासन चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का युवा, Gen Z और Gen Alpha राहुल गांधी के साथ खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि यदि आज चुनाव होते हैं तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।