इंदौर में रविवार को कांग्रेस ने विजय मार्च निकाला। मार्च नेहरू प्रतिमा से शुरू होकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर समाप्त हुआ। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए। कांग्रेस ने इसे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद लोकतंत्र और युवाओं की जीत बताया।पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और देश के युवाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के मुद्दे पर देशभर के युवाओं, छात्रों और विपक्ष ने एकजुट होकर संघर्ष किया। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा।सज्जन वर्मा ने आंदोलन को छोटा-मोटा बताने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं ने अपने संघर्ष से बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।