छत्तीसगढ़ में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा रायपुर की हालत खराब है.
छत्तीसगढ़ में कोरोना कहर कम नहीं हो रहा है, बुधवार को एक बार फिर से 24 घण्टे में 14 हजार 519 नए मरीज मिले हैं. वहीं रिकॉर्ड 183 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है. इनमें सबसे ज्यादा राजधानी रायपुर जिले में 67 लोगों की मौत हो गई है.
इधर, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने आज ऐलान कर दिया है कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी. अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे. सीएम भूपेश बघेल लगातार कोरोना के हालातों पर नजर बनाए हुए हैं. राजधानी रायपुर में ज्यादा हालात खराब हैं. इसलिए मुख्यमंत्री ने रायपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति निरंतर बनाये रखने के लिये कलेक्टर को एक करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति प्रदान की है.
रेमडेसिविर की खरीदी के दिए निर्देश
छत्तीसगढ़ में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्टरों को तात्कालिक आवश्यकतानुसार रेमडेसिविर इंजेक्शन (Remdesivir) और अन्य आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की खरीदारी की अनुमति दी है. उन्होंने बालोद और मुंगेली में आरटीपीसीआर टेस्टिंग लैब की स्थापना की भी मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें बिना थके, बिना रूके कोरोना से लड़ाई जीतना है. सबके सहयोग और टीम भावना के साथ व्यवस्थित रूप से काम करने की जरूरत है.


