Coronavirus Updates: भारत में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं.
भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus) तेजी से फैलता जा रहा है. इस समय देश में 4789 लोग कोरोना से संक्रमित हैं और हर रोज इस आंकड़े में इजाफा ही होता जा रहा है. इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय (Home Ministry) की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के कुल 508 मामले सामने आए हैं. वहीं इस दौरान 13 लोगों की मौत हो गई है, जिससे कुल मिलाकर अब तक 124 लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच 353 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर वापस जा चुके हैं. बता दें, देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है और यह 14 अप्रैल तक रहेगा. इस बीच सूत्रों ने ऐसी खबरें दी हैं कि कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला ले सकती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10:45 बजे संसद में राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंस पर कोविड-19 पर चर्चा करेंगे. उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रहेंगे. जिस भी दल के पांच से अधिक सांसद हैं, उनके सदन में नेताओं से बात होगी.
कश्मीर में नौ और जम्मू में छह नये कोरोना पॉजिटिव मामले
देश में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. अबतक 4700 से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं और 124 लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच जम्मू कश्मीर में कुल कोरोना पॉजिटिव मामले की तादाद बढ़कर 125 हो गई है. आज कश्मीर में 9 तथा जम्मू में 6 नए पॉजिटिव मामले आए हैं. अब तक कुल 3 की मौत हो चुकी है. अब कश्मीर में 94 तथा जम्मू में 24 पॉजिटिव मामले सामने आए है. कश्मीर के बांदीपोरा के 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत के साथ ही जम्मू कश्मीर में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है. तीनों मृतक कश्मीर से संबध रखने वाले थे. इस बीच प्रदेश में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या के साथ ही रेड जोन में शामिल गांवों और मोहल्लों की संख्या भी बढ़ती जा रही है. फिलहाल पूरे प्रदेश में 68 क्षेत्रों को रेड जोन में अधिसूचित किया जा चुका है. इनमें से 45 कश्मीर प्रांत में हैं, जबकि 19 जम्मू प्रांत के इलाके हैं.
Source link