भारत में कोविड-19 के मामलों की संख्या 25,26,192 हो गयी है.
देश में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए 18 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 57,381 मरीजों को छुट्टी मिलने के बाद ठीक होने की दर 71.61 प्रतिशत हो गयी है. मंत्रालय के मुताबिक भारत की ‘जांच, संपर्क का पता लगाने और उपचार’ की नीति के मद्देनजर पिछले 24 घंटे में कोविड-19 की 8,68,679 जांच की गयी. कुल मिलाकर 2.85 करोड़ से ज्यादा जांच हो चुकी है. मंत्रालय के मुताबिक 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ठीक होने की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है. साथ ही, 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ठीक होने की दर 50 प्रतिशत से अधिक है. मरीजों के ठीक होने और अस्पतालों से छुट्टी मिलने के बाद संक्रमण से ठीक हुए लोगों की संख्या 18,08,936 हो गयी है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक वर्तमान में संक्रमण के 6,68,220 मामले हैं जो कुल मामलों का 26.45 प्रतिशत है. मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत की मृत्यु दर वैश्विक औसत से नीचे है. वर्तमान में यह 1.94 प्रतिशत है.” स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे के अपडेट आंकड़ों के मुताबिक देश में शनिवार को कोविड-19 के 65,002 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 25,26,192 हो गयी. संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 996 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 49,036 हो गयी है.
Coronavirus Updates in Hindi:
महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 12,614 नए मामले सामने आए तथा इस महामारी से 322 और लोगों की मौत हो गई.
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब एक लाख पार चले गये और पिछले 24 घंटे के दौरान 15 और मरीजों की मौत हो जाने से इस रोग से मरने वालों की संख्या शनिवार को 515 पहुंच गयी.
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 1287 नये मामले, 16 और मौत
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या शनिवार रात तक बढ़कर 862 हो गयी जबकि 1287 नये मरीज सामने आये.
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के एक दिन में सर्वाधिक 1,019 नए मामले, अबतक 44,000 से अधिक संक्रमित
मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 1,019 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 44,433 तक पहुंच गयी.
पश्चिम बंगाल में शनिवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 3,074 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,13,432 हो गई है.
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 4814 नये मामले सामने आये जबकि 58 और मरीजों की मौत होने के साथ शनिवार को मृतकों का आंकडा 2393 पहुंच गया.
Source link