अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 6,53,608 नमूनों की जांच की गई है. इनमें 41,806 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. 20,487 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं. राज्य में 20,968 मरीज उपचाराधीन हैं. राज्य में 351 लोगों की मौत हुई है. राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 के लिए उपलब्ध कराई जा रही सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की ओर से तीन विशेषज्ञों की टीम ने आज पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर अस्पताल का निरीक्षण किया.
कोविड-19 मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे मानक उपचार
अधिकारियों ने बताया कि टीम के सदस्यों ने कोविड-19 मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे मानक उपचार, संक्रमण से बचाव और निगरानी, संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण का परीक्षण तथा चिकित्सकीय संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. केन्द्र से आए विशेषज्ञों की टीम में डॉक्टर गीता यादव (प्रोफेसर प्रिवेंटिव सोशल मेडिसीन, सफदरजंग अस्पताल), डॉक्टर अनुभव श्रीवास्तव (डिप्टी डायरेक्टर, एनसीडीसी दिल्ली), डॉक्टर अभिनव सिन्हा (साइंटिस्ट, एनआईएमआर दिल्ली) शामिल थे. उन्होंने बताया कि तीन सदस्यीय टीम ने टेली कंसल्टेंशन हब के माध्यम से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित विशेषीकृत कोविड-19 अस्पताल के डॉक्टरों को ऑनलाइन वीडियो कॉल के माध्यम से अम्बेडकर अस्पताल के विशेषज्ञों की सराहना की. इसके साथ-साथ उन्होंने जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित निपटारण के तरीकों को भी देखा.

