Covid-19 vaccines updates January 16 Corona Countdown: Worlds Largest Covid-19 Vaccination Campaign to Start Today – कोरोना का काउंटडाउन : आज से शुरू होगा दुनिया का सबसे बड़ा कोविड-19 टीकाकरण अभियान

कोरोना का काउंटडाउन : आज से शुरू होगा दुनिया का सबसे बड़ा कोविड-19 टीकाकरण अभियान

पीएम मोदी ने आज सुबह 10:30 बजे कोरोनावायरस वैक्सीन ड्राइव का शुभारंभ करेंगे

नई दिल्ली:

भारत में पहले दिन तीन लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 (Covid-19 ) के टीके की खुराक दिए जाने के साथ शनिवार को दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण (Vaccinations) अभियान शुरू होगा.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( Prime Minister Narendra Modi) वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दिन में साढ़े दस बजे देश में पहले चरण के कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे. पूरे देश में एक साथ टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी और सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में इसके लिए कुल 3006 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं. राजस्थान में जयपुर के सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधीर भंडारी को सबसे पहले टीके की खुराक दी जाएगी जबकि मध्य प्रदेश में एक अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और एक सहायक समेत अन्य लोग सबसे पहले टीका लेने वालों में शामिल होंगे. मोदी ने कहा है कि देश कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ शनिवार को ‘‘निर्णायक चरण” में प्रवेश करेगा. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कल 16 जनवरी को देश स्तर पर कोविड-19 टीकाकरण की शुरुआत होगी. कल सुबह साढ़े 10 बजे अभियान आरंभ होगा.” प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम होगा जिसमें समूचे देश को शामिल किया जाएगा और जन भागीदारी के सिद्धांतों पर इसकी शुरुआत के लिए सारी तैयारियां हो चुकी हैं.

यह भी पढ़ें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्माण भवन परिसर में बनाए गए विशेष कोविड-19 नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया. स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता समूह के लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी. आईसीडीएस (एकीकृत बाल विकास सेवा) कर्मियों समेत सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को इस चरण में टीके दिए जाएंगे.

राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 10 प्रतिशत खुराकों को सुरक्षित रखने और एक दिन में एक सत्र में 100 लोगों के टीकाकरण के लिए कहा गया है. कोविड-19 महामारी, टीकाकरण की शुरुआत और कोविन सॉफ्टवेयर के संबंध सवालों के जवाब के लिए एक कॉल सेंटर-1075 भी बनाया गया है.

सरकार के मुताबिक, सबसे पहले एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले करीब दो करोड़ कर्मियों और फिर 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी. बाद के चरण में गंभीर रूप से बीमार 50 साल से कम उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा. स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम कर्मियों पर टीकाकरण का खर्च सरकार वहन करेगी. सारे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं.

दिल्ली में, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में एलएनजेपी अस्पताल में एक डॉक्टर, एक नर्स और एक सफाई कर्मचारी को कोविड-19 का टीका दिया जाएगा. राष्ट्रीय राजधानी में 81 केंद्रों पर कोविड-19 का टीकाकरण अभियान शुरू होगा.

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में एक केंद्र से टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे. बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि मुंबई में नौ केंद्रों पर टीकाकरण होगा. पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने बताया कि टीकाकरण अभियान के पहले दिन शहर में 800 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक दी जाएगी.

गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर के सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों समेत कुछ अन्य लोगों को टीके की पहली खुराक दी जाएगी और अभियान के दौरान 16,000 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जाएंगे. असम में, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बताया कि 1.9 लाख स्वास्थ्यकर्मियों में से 6,500 को पहले दिन टीका लगाया जाएगा. 

Newsbeep

जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधीर भंडारी राजस्थान के पहले व्यक्ति होंगे जिन्हें वैक्सीन दी जाएगी.

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि टीकाकरण अभियान की योजना चरणबद्ध तरीके से बनाई गई है, प्राथमिकता वाले समूहों की पहचान करने और उम्मीदवारों को फोन के माध्यम से सूचित किया गया है.सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में हेल्थकेयर कामगार इस टीके को प्राप्त करेंगे.


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here