भिंड में न्याय न मिलने से आहत रिटायर्ड सूबेदार की चेतावनी: पत्नी के हत्यारों की गिरफ्तारी न हुई तो 15 अप्रैल को परिवार संग आत्मदाह

मध्यप्रदेश के भिंड जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां कारगिल युद्ध में सेवाएं दे चुके रिटायर्ड सूबेदार हरिदास दैपुरिया ने पत्नी के हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से आहत होकर 15 अप्रैल को परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। घटना को एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे परिवार में गहरा आक्रोश है।भिंड जिले के कल्याणपुरा गांव निवासी हरिदास दैपुरिया बीते एक साल से न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उनका कहना है कि वे 35 बार थाने और 7 बार एसपी कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। अब तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं होने से वे खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

दरअसल, 15 अप्रैल 2025 की सुबह उनकी पत्नी सुशीला देवी (62) की घर की दूसरी मंजिल पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय दंपती घर में अकेले थे। हरिदास नीचे सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी गर्मी के चलते छत पर सो रही थीं। सुबह जब वह चाय लेकर नहीं आईं, तो हरिदास ऊपर पहुंचे और पत्नी का शव चारपाई पर पड़ा मिला।घटना के बाद घर से नकदी और जेवर भी गायब पाए गए। परिवार के मुताबिक, पोती की शादी के लिए रखे करीब 10 लाख रुपए में से साढ़े चार लाख रुपए नकद और लगभग 30 तोला सोना-चांदी बदमाश ले गए। इससे यह सवाल खड़ा हो गया कि मामला सिर्फ चोरी का है या फिर सुनियोजित हत्या।

परिवार का कहना है कि घर चारों ओर से खेतों से घिरा हुआ है और आसपास आबादी कम है, ऐसे में आरोपियों का छत तक पहुंचना और फरार हो जाना कई संदेह खड़े करता है। क्या उन्हें घर की पूरी जानकारी थी या यह किसी अंदरूनी व्यक्ति की मिलीभगत है—इन सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल सके हैं।हरिदास का आरोप है कि शुरुआती दिनों में पुलिस सक्रिय रही, लेकिन समय के साथ जांच ठंडी पड़ गई। न्याय की उम्मीद टूटती देख अब उन्होंने यह कठोर कदम उठाने की चेतावनी दी है।

इधर, मामले को लेकर पूर्व सैनिक संगठन भी सक्रिय हो गया है और 15 अप्रैल को एसपी कार्यालय के घेराव की घोषणा की है। वहीं, देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य का कहना है कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।भिंड पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here