छतरपुर में घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष: पत्नी पर पति को डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

छतरपुर (मध्य प्रदेश): शहर के महोबा रोड क्षेत्र से घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने पति पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है।

मृतक की मां मंगो बाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहू ने दीपक को बेरहमी से डंडों से पीटा। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दीपक को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में आकर दीपक पर डंडे से हमला कर दिया। उसके सिर और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे दीपक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here