Donald Trump on injecting disinfectants told he was sarcastic | कीटाणुनाशक इंजेक्ट करने की बात कह कर फंस गए ट्रंप, कहा, ‘मैंने तो मजाक किया था’

वाशिंगटन:  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अजीबो गरीब सलाह देने के चलते बुरी तरह से फंस गए हैं. कीटाणुनाशक इंजेक्ट करने की बात को लेकर हर तरफ से उनकी आलोचना हो रही है.  विपक्ष के नेताओं से लेकर कीटाणुनाशक बनाने वाली कंपनियों तक ने इसे लेकर ट्वीट किए और कहा कि लोग ऐसी सलाह बिल्कुल न मानें. आलोचनाओं के बाद ट्रंप अब सफाई देने लगे हैं. उनका कहना है कि कीटाणुनाशक इंजेक्ट करने की बात उन्होंने बस ऐसे ही मजाक में कह दी थी. 

बता दें कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने जब चिकित्सीय पेशेवरों को कोविड-19 के मरीजों के संभावित उपचार के लिए शरीर में टीके से कीटाणुनाशक पहुंचाने या पराबैंगनी किरणों के ताप के प्रयोग पर विचार करने के लिए कहा था. इसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई. अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह दरअसल “व्यंग्य’’ में कहा गया था.

विचित्र एवं अवास्तविक सलाहों के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ट्रंप से नाराजगी जताई और लोगों से राष्ट्रपति की  “खतरनाक” सलाह को नहीं सुनने की अपील की. चिकित्सकों के साथ ही लाइसोल डेटॉल बनाने वाली कंपनियों ने भी आगाह किया है कि कीटाणुनाशक का शरीर में प्रवेश खतरनाक है.

शुक्रवार को जब ट्रंप से उनकी टिप्प्णी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मैं आप जैसे संवाददाताओं से मजाक में सवाल पूछ रहा था बस यह देखने के लिए कि क्या होता है.”

उन्होंने कहा, “मैं कक्ष में मौजूद संवाददाताओं से शरीर के भीतर कीटाणुनाशक पहुंचाने के बारे में बेहद व्यंग्यात्मक प्रश्न पूछ रहा था.”

ट्रंप ने कहा कि वह ऐसे रोगाणुनाशक के बारे में पूछ रहे थे जिसे सुरक्षित तरीके से लोग अपने हाथों पर लगा सकें.

अमेरिकी समाचार वेबसाइट द हिल ने ट्रंप के हवाले से कहा, “लेकिन यह जरूर वायरस का खात्मा करता है और यह हाथों पर वायरस को मार सकता है और यह चीजों को बहुत बेहतर बनाएगा. यह संवाददाताओं से व्यंग्यात्मक प्रश्न के रूप में किया गया था.”

(इनपुट: भाषा )

ये भी देखें:




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here