जैसलमेर। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलुस के साथ निजी भारत दौरे पर हैं। उनके राजस्थान आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जानकारी के अनुसार, टिफनी ट्रंप आज चार्टर्ड विमान से जैसलमेर पहुंचेंगी, जहां उनका दो दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है।
दौरे के दौरान टिफनी ट्रंप विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकती हैं। उनके आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके ठहरने की व्यवस्था जैसलमेर के प्रसिद्ध लग्जरी होटल सूर्यागढ़ में की गई है। टिफनी ट्रंप के दौरे को लेकर पर्यटन उद्योग में भी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि इससे जैसलमेर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उनके कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा पूरे दौरे पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।