मुरैना, वन सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत मुख्य वन संरक्षक, ग्वालियर के निर्देशन एवं वनमंडलाधिकारी, मुरैना के मार्गदर्शन में उपवनमंडलाधिकारी, सबलगढ़ एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी, पहाड़गढ़ के नेतृत्व में वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से प्रभावी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान वन परिक्षेत्र पहाड़गढ़ के बीट कन्हार स्थित वन कक्ष क्रमांक P-224, ग्राम नितनवास के समीप लगभग 12 हैक्टर वन क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा वन भूमि की कटाई-सफाई कर उसे कृषि योग्य बनाने तथा फसल उत्पादन के उद्देश्य से जुताई किए जाने का मामला सामने आया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा वन भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से क्षेत्र के चारों ओर नगर (बाड़) भी लगा दी गई थी।
सूचना प्राप्त होने पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से वन भूमि में खंतियां खोदी गईं तथा लोडर मशीन के माध्यम से अतिक्रमण के प्रयास को बेदखल किया गया। साथ ही वन भूमि के चारों ओर लगाई गई नगर (बाड़) को भी हटाया गया, जिससे वन भूमि पर दोबारा अवैध कब्जे की संभावना को रोका जा सके।उक्त कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी, सबलगढ़ एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी, पहाड़गढ़ के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र सबलगढ़ एवं पहाड़गढ़ का वन अमला तथा SAF बल शामिल रहा।
वन विभाग का उद्देश्य वन भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के साथ-साथ प्राकृतिक वन क्षेत्र, वनस्पतियों एवं वन्यप्राणियों के सुरक्षित आवास को संरक्षित करना है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि वन भूमि पर अवैध कब्जा, कटाई-सफाई एवं कृषि गतिविधियों के माध्यम से अतिक्रमण के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा शासकीय वन भूमि के संरक्षण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


