- लॉकडाउन नहीं लगाते तो संक्रमित लोगों की संख्या 50 लाख होती
- मोदी जी ने सही समय पर लिया फैसला, जनता ने दिया उनका साथ
e-एजेंडा आजतक कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़केर ने कहा कि पूरी दुनिया जिस काम की तारीफ करती है, हमारा विपक्ष उसकी आलोचना करता है. केंद्रीय मंत्री से पूछा गया कि विपक्ष का आरोप है कि लॉकडाउन का फैसला सोच-समझ कर नहीं लिया गया. इस पर प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि अगर आज लॉ़कडाउन नहीं होता तो संक्रमित लोगों की संख्या 50 लाख होती.
ये बेहद व्यंग्यात्मक स्थिति है कि हमारे जिस काम की पूरी दुनिया तारीफ करती है. हमारा विपक्ष उसी की आलोचना करता है. पहले कहते हैं कि लॉकडाउन सही समय पर नहीं लगाया. लॉकडाउन में ढील देंगे तो कहेंगे कि छूट क्यों दे रहे हो.
e-एजेंडा की लाइव कवरेज देखें यहां
उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही समय पर फैसला लिया. जनता से अपील की. उनके फैसलों की दुनियाभर ने तारीफ की. हमारी सरकार लगातार काम कर रही है. कोविड का संकट पूरी दुनिया में है. लोगों में कोविड की चर्चा पहले है. मोदी जी ने पहले ही कोविड को भांप लिया था. ये संकट सब जगह है. इस चुनौती का सामना करना पड़ेगा.
प्रकाश जावड़केर ने कहा कि पिछले चार महीनों की स्थिति ऐसी है कि जब कोरोना आया था तब देश में एक लैब थी. आज 100 से ज्यादा हैं. आज 800 कोविड अस्पताल हैं. तब एक भी नहीं था. हमारे यहां वेंटीलेटर्स बनने लगे, जबकि इससे पहले नहीं बनते थे. पीपीई किट सबसे ज्यादा हम बना रहे हैं.
उन्होंने कहा कि दुनिया की तुलना में हम कम नुकसान में रहे. जनता ने मोदी जी की अपील का साथ दिया. मोदी जी के मेक इन इंडिया प्रोग्राम को बढ़ावा मिला. सब लोग साथ आए. खेती से लेकर डिफेंस तक कई सुधार हुए हैं. ये सारे बदलाव कोरोना वायरस की वजह से ही तो है.